कछवां । क्षेत्र के महामलपुर गांव में पं. दीन दयाल उपाध्याय विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत 2.71 करोड़ की लागत से नवनिर्मित 33/11 केवी विद्युत न्यू उपकेंद्र महामलपुर 5 एमबीए का केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री ने रविवार को लोकार्पण किया।
लोकार्पण पश्चात केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा इससे क्षेत्र के लगभग 42 सौ बिजली उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज समस्या से निजात मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस उपकेंद के निर्माण से कछवां उपकेंद्र का लोड भी कम होगा। कहा कि कम्हरिया, गड़ौली, केवटावीर, महामहामलपुर, रामचंदरपुर, अगियावीर एवं चड़रहा गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति मिलेगी। इस अवसर पर मिर्जापुर क्षेत्र के मुख्य अभियंता इं. तारिक मतिन, अधीक्षण अभियंता रजत जनेजा समेत अन्य मौजूद रहे। शनिवार को ही केंद्रीय राज्यमंत्री ने नारायणपुर ब्लाक के गंगापुर गांव में निषाद राज सामुदायिक उत्सव भवन का शिलान्यास किया। सांसद निधि से करीब 32 लाख से कार्य कराया जाएगा। वहीं शहर के लोहिया तालाब स्थित सामुदायिक भवन का शिलान्यास किया। इसके निर्माण पर भी करीब 32 लाख रुपये का खर्च आएगा। इसके बाद मंत्री ने सिटी ब्लाक के बदौली गांव में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया।