चुनार (मिर्जापुर)। बीत दिनों नगर पालिका सभासद व ठेकेदार के बीच हुई आपसी विवाद के बाद ठेकेदार का पंजीकरण निरस्त करने की मांग को लेकर पूर्व सूचना अनुसार शुक्रवार को मोची टोला वार्ड का सभासद सुबह पालिका पहुंचकर धरना शुरू कर दिया। पालिकाध्यक्ष द्वारा अग्रिम आदेश तक पंजीकरण निरस्त करने के आश्वासन पर सभासद ने धरना समाप्त किया।
वार्ड सभासद महेश सेठ व ठेकेदार दिनेश सिंह के बीच किसी बात को लेकर सात जनवरी को दोपहर अनबन हो गई थी। इससे नाराज होकर सभासद ने ठेकेदार का पंजीकरण निरस्त करने की मांग करते हुए अधिशासी अधिकारी प्रतिभा सिंह को घटना के दिन ही पत्रक सौंपा था और दो दिन में ठेकेदार का पंजीकरण निरस्त न करने पर विवश होकर कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। सभासद द्वारा दिए गए समयसीमा में ठेकेदार का पंजीकरण निरस्त नही किया गया, जिससे क्षुब्ध होकर शुक्रवार को सभासद ने धरना शुरू कर दिया। धरना प्रदर्शन की खबर लगते ही पालिकाध्यक्ष मंसूर अहमद मौके पर पहुंचे और सभासद को मनाने की भरपूर कोशिश किया लेकिन वह ठेकेदार का पंजीकरण निरस्त करने की बात पर अड़ा रहा अंत में विवश होकर अधिशासी अधिकारी प्रतिभा सिंह ने ठेकेदार का पंजीकरण अग्रिम आदेश तक के लिए निरस्त कर दिया। पालिकाध्यक्ष के जूस पिलाने के बाद सभासद ने धरना समाप्त किया।