पक्केघाट पर हो रहे कब्जे की तहसीलदार ने की जांच
कब्जा कर रहे लोगों से मांगे कागजात
नहीं देने पर कार्रवाई की दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
मिर्जापुर। भूमाफिया के आतंक से तंग आए सैकड़ों की संख्या में व्यापारियों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। आरोप लगाया कि ऐतिहासिक धरोहर पक्केघाट पर कुछ भू-माफियाओं द्वारा जमीन पर कब्जा कर लिया गया है। जिसका विरोध जताने पर भूमाफियाओं के परिवार के लोगों द्वारा स्थानीय लोगों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तहसीलदार को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा।
डीएम के निर्देश पर तहसीलदार सदर मत्युंजय मिश्रा मंगलवार की दोपहर 12 बजे शहर कोतवाल अरूण यादव के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। जांच के दौरान बारादरी के रास्तों में ताला बंद पाया। वहीं मंदिरों से मूर्ति हटाकर दीवार खींच लेना भी पाया गया। यहीं नहीं दुकानें भी लगा ली गई हैं। यह देख उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। तहसीलदार ने जब आरोपियों से जमीन से कागजात मांगा तो वह कुछ नहीं दे पाए और चले गए। उन्होंने बुधवार तक जमीन का कागजात नहीं देने पर ताला को तोड़वाने की बात कही।
वर्जन
शिकायत पर जांच की गई है। कब्जेदारों से जमीन का कागजात मांगा गया है। अगर वह कागजात नहीं देते हैं तो उनसे कब्जा हटवाते हुए कार्रवाई की जाएगी।
मृत्युंजय मिश्रा तहसीलदार सदर