कैलहट। शहीद भगत सिंह सेवा समिति द्वारा पुरस्कार वितरण व सम्मान समारोह रविवार को शिवशंकरी धाम में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर व दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कहा कि हमारे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभायें छिपी हुई है, उन प्रतिभाओं को बाहर निकालने के लिये केवल उचित मार्गदर्शन की आवश्यकता है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों प्रमाण पत्र, शील्ड व मेडल देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा बच्चों के भविष्य के लिये इस तरह की प्रतियोगिता कराना बड़ा सराहनीय कार्य है। कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में भाग लेना ही अपने आप में बड़ी बात है। उसमें टाप करना नहीं करना बच्चे की मेहनत पर निर्भर करता है, इसलिये हमें अपने सामने आने वाले हर अवसर का निडर हो कर उपयोग करना चाहिये। अभिवावकों और अध्यापकों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें इस बात पर विशेष रूप से ध्यान देने की जरूरत है कि सब बच्चे एक जैसे नहीँ होते, हर बच्चा एक अलग पृष्टभूमि, अलग माहौल से आता है इसलिये बच्चों को उनकी जरूरत के हिसाब से शिक्षा देना हमारा दायित्व है। कहा कि बच्चे में पढ़ाई के प्रति रुचि पैदा करनी चाहिये। डांट डपट या मारपीट कर हम बच्चे को अच्छी शिक्षा नहीं दे सकते। उनमें शिक्षा के प्रति, ज्ञान के प्रति उत्सुकता जगाना हम अभिवावकों, अध्यापकों का कार्य है। प्रतियोगिता में स्नातक स्तर पर रिंकू कुमार, रामबाबू, अशरफ कमाल सीनियर वर्ग में एकता सिंह, प्रिया पटेल, शुभम नारायण जूनियर वर्ग में आनंद कुमार पटेल, रोहित कुमार, रोहित कन्नौजिया और प्राथमिक वर्ग में फैजान अख्तर, अनस अंसारी, स्नेहा सिंह क्रमश: प्रथम,द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने गीत, नृत्य, नाटक, कौव्वाली, भजन आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन डा.जीउत राम पटेल व आभार आशीष चंद्र पटेल ने व्यक्त किया। समारोह में हरिशंकर सिंह, जिलाध्यक्ष रमाकांत सिंह, त्रिलोक सिंह, कृपाशंकर सिंह, रामेश्वर सिंह, आशुतोष गुप्ता, मुकेश सिंह आदि मौजूद रहे।