मिर्जापुर। सरदार बल्लभ भाई पटेल के जयंती पर मंडलीय चिकित्सालय के मरीजों को फल वितरण करने पहुंची सीडीओ दफ्तर में किसी अधिकारी या कर्मचारी के नहीं रहने पर भड़क गईं। उन्होंने प्रभारी एसआईसी समेत अन्य कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। चेताया कि दोबारा ऐसी लापरवाही बरती गई तो उनके विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी प्रियंका निरंजन सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती पर मंगलवार की दोपहर मंडलीय चिकित्सालय के मरीजों को फल वितरण करने पहुंची थीं। वह चिकित्सालय में दाखिल हुईं तो वहां कोई कर्मचारी नहीं था। पूछने पर सभी ने बताया कि अधिकारी व कर्मचारी अपने अपने दफ्तर में बैठे हैं। वहां की हकीकत जाने के लिए सीडीओ सीधे प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक के कार्यालय में पहुंच गई। पाया कि वह कोई मौजूद नहीं है। यहीं नहीं कार्यालय के अधिकांश कर्मचारी भी गायब मिले। यह देख वह भड़क गईं। उन्होंने अपने मातहतों को फोन कर खरी खोटी सुनाई। सीडीओ को नाराज होता देख तत्काल अधिकारियों ने चिकित्सालय प्रशासन के अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। अधिकारियों व कर्मचारियों के पहुंचते ही सीडीओ उनके ऊपर भड़क गईं। कहा कि इतनी लापरवाही बरती जा रही है कि अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक कार्यालय से गायब है। फिर यह अस्पताल कैसे चल रहा है। कहा कि सुधर जाओ अन्यथा कड़ी कार्रवाई होगी। नगर मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप मिश्रा ने भी इस लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई।