हलिया। गड़बड़ा धाम में सोमवार को लगने वाले शहरहवा मेला से पहले रविवार को लगभग 70 हजार श्रद्धालुओं ने मां शीतला के दर्शन-पूजन किए। देर शाम तक माता के दर्शन के लिए श्रद्धालु कतार में लगे रहे।
आस्था धाम में सोमवार को लगने वाले शहरहवा मेला को देखते हुए रविवार को दोपहर से ही लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। मेला क्षेत्र में बस, ऑटो, ई-रिक्शा से लोगों के आने के क्रम जारी रहा। देर शाम तक एक लाख से ज्यादा लोग मेला क्षेत्र में पहुंच चुके थे। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने पेड़ के नीचे और टेंट आदि लगाकर डेर डाल दिया। रविवार को शाम चार बजे एसडीएम लालगंज आसाराम वर्मा ने गड़बड़ा धाम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। ठंड को देखते हुए एसडीएम ने मेला क्षेत्र में ग्राम प्रधान और लेखपालों को अलाव जलवाने का निर्देश दिया। एसडीएम ने नदी के पास बने घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एडीओ पंचायत को मोबाइल शौचालयों में पानी की पर्याप्त व्यवस्था करवाने का निर्देश दिया। उन्होंने हलिया थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जरूरी दिशा-निर्देश दिया। मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी। एसडीएम ने बताया कि गड़बड़ा धाम मेला में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर के पुजारी मंगलधारी मिश्र ने बताया कि शहरहवा मेला की पूर्व संध्या पर रविवार को करीब 70 हजार श्रद्धालुओं ने मां शीतला के दर्शन-पूजन किए।