मिर्जापुर। बरकछा स्थित बीएचयू के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में सोमवार को आतंकवाद विरोधी दिवस मनाया गया। इस दौरान शिक्षक, शिक्षणेतर कर्मचारियोें और छात्रों को शांति और सद्भाव बनाए रखने में हरसंभव सहयोग देने का संकल्प दिलाया गया।
दक्षिणी परिसर के आचार्य प्रभारी प्रो. साकेत कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यवाहक आचार्य प्रभारी डॉ. अचिंत्य सिंघल ने शिक्षकों, शिक्षणेतर कर्मचारियों एवं छात्रों को शपथ दिलाई। इस दौरान देश की अहिंसा एवं सहनशीलता की परंपरा में दृढ़ विश्वास रखते हुए आतंकवाद और हिंसा का डटकर विरोध करने और सभी वर्गों के बीच शांति, सामाजिक सद्भाव तथा सूझबूझ कायम करने का संकल्प दिलाया गया। इससे पहले सहायक कुलसचिव डॉ. शार्दुल चौबे ने आतंकवाद विरोधी दिवस की महत्ता एवं पृष्ठभूति पर प्रकाश डाला। कहा कि मानव जीवन मूल्यों को खतरा पहुंचाने वाली विघटनकारी शक्तियों से लड़ने की जरूरत है। कहा कि 21 मई 1991 को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तमिलनाडु के श्री पेरम्बदूर में तमिल आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी। इसी उपलक्ष्य में यह दिन देश में आतंकवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाया जाता है। शिक्षकों, शिक्षणेतर कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने संकल्प पत्र पर अपने हस्ताक्षर भी किया।