मिर्जापुर। भारतीय किसान यूनियन के तत्वावधान में किसानों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के माध्यम से किसानों की समस्याओं के निराकरण की मांग किया। किसानों ने रेलवे द्वारा अधिग्रहित जमीन की सही मापी और उचित मुआवजा दिलाने की मांग किया।
जिलाध्यक्ष सिद्घनाथ सिंह ने कहा कि डेडिकेटेड फ्रेड कारीडोर परियोजना से प्रभावित किसानों को रेलवे में नौकरी दी जाए। उन्होंने कहा कि किसानों के जमीन के अधिग्रहण का गजट 2009 में किया गया और मुआवजा वर्ष 2013-14 में दिया गया है, इसलिए किसानों को मुआवजे की राशि वर्ष 2013-14 के सर्किल रेट के अनुसार दिया जाए। किसानों से अधिग्रहित जमीन की सही तरीके से मापी कराई जाए। जिला महासचिव वीरेंद्र सिंह ने कहा कि रेलवे क्रासिंग करहट पर ओवर ब्रिज बनवाया जाए। जिससे आवागमन में सुविधा हो सके। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में हुई बैठक में मांगों को पूरा किया जाए। इस दौरान महेंद्र सिंह, लक्ष्मण सिंह, धर्मेंद्र सिंह, राजूराम, रतन लाल चौरसिया आदि मौजूद रहे।