विंध्य मंडल के नक्सल प्रभावित विधानसभा में विशेष चौकसी बरती जाएगी। चुनाव आयोग के निर्देश के बाद पुलिस और प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी है। मिर्जापुर जिले में मड़िहान और सानेभद्र जिले में दुद्धी और राबर्ट्सगंज विधानसभा में लोकसभा चुनाव में मतदान के दिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। नक्सल प्रशिक्षण प्राप्त पुलिस के साथ सिविल पुलिस और अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती होगी। पोलिंग सेंटर के साथ ही महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पुलिस के खुफिया के लोग इन क्षेत्रों में सक्रिय कर दिए गए हैं। थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वह गांवों में लोगों के बीच जाएं और उन्हें निडर होकर मतदान करने को प्रेरित करें।
मिर्जापुर जिले में छानबे विधानसभा में छह मतदान केंद्र नक्सल प्रभावित क्षेत्र में आते हैं। यहां ऐसे छह मतदान केंद्रों का चयन किया गया है। इसमें तीन हलिया, दो जमालपुर और एक लालगंज थाना क्षेत्र में आते हैं। मड़िहान विधानसभा सबसे अधिक 102 मतदान केंद्र नक्सल प्रभावित क्षेत्र में बनाए गए हैं। इसमें अहरौरा थाना क्षेत्र में 20, जमालपुर थाना क्षेत्र में सात, चुनार में नौ, लालगंज में नौ और मड़िहान थाना क्षेत्र में 63 मतदान क्रेंद्र बनाए गए हैं। वहीं सोनभद्र के दुद्धी और राबट्सगंज विधानसभा में नक्सल बेल्ट में 206 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी मतदान केंद्रों पर एक सेक्शन सीपीएमएफ के साथ ही एक उप निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही मांग के हिसाब से केंद्रों पर ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी। पुलिस के अधिकारी अपने समकक्ष मजिस्ट्रेट के संपर्क में रहेंगे। किसी भी घटना की सूचना वायरलेस के जरिए तत्काल वरिष्ठों को दिए जाने का निर्देश है।