जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार व पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को जिले में कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान बताया गया कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले में अब तक 5,725 शस्त्र लाइसेंस जमा कराए जा चुके हैं। इसके अलावा साढ़े नौ हजार लीटर शराब भी जब्त की गई है।
बैठक में प्रत्येक थाना एवं तहसीलवार शस्त्र जमा एवं अवैध शस्त्रों की बरामदगी के अलावा अवैध रूप से परिवहन किये जा रहे शराब, कच्ची शराब की भट्टियों को नष्ट करने, 107/16 के तहत की गई कार्रवाई, वाहनों की जांच, गुंडा एक्ट, जिला बदर, गैंगस्टर सहित अन्य कार्यों में हुई प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से 107/16 के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए पाबंद या जमानत की संख्या को और बढ़ाने की हिदायत दी। लाइसेंसी शस्त्र जमा करने के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी दुकानों के सत्यापन कराने के साथ ही शत प्रतिशत लोगों के शस्त्र जमा करने की प्रक्रिया एक सप्ताह के अंदर पूरी करने की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि क्रिटिकल एवं बर्नेबल बूथों की सूची एवं रूट चार्ट बनाकर सभी उप जिला मजिस्ट्रेट अपने पास रखें तथा उसकी एक प्रति उप जिला निर्वाचन अधिकारी को भी उपलब्ध कराएं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से कहा कि अवैध शराब की गाड़ियों को पकड़ने के समय उसकी फोटोग्राफ भी लें। साथ ही चालक व वहां उपस्थित अन्य लोगों से गवाह के रूप में हस्ताक्षर भी कराएं।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने कहा कि गंगा के किनारे कुछ गांवों एवं तहसील मड़िहान, लालगंज व देहात कोतवाली के अंतर्गत कुछ गांवों में लहन व महुआ सेा कच्ची शराब बनाये जाने की शिकायतें प्राप्त होती हैं। ऐसे स्थलों को चिह्नित कर प्रभावी कार्रवाई करने की थाना प्रभारियों को हिदायत दी। इस दौरान बताया गया कि जनपद में अब तक 9,495 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है। इसी प्रकार 7,586 शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन करते हुए 5,725 लाइसेंस जनपद में जमा कराये गये हैं। बताया गया कि जांच अभियान के तहत 118 अवैध शस्त्र भी जब्त किये गये हैं। जनपद में अब तक 107/16 के तहत 33,976 लोगों को नोटिस भेजने के साथ ही 20,262 लोगो को पाबंद किया गया है। बैठक में अपर जिला मजिस्ट्रेट शिव प्रताप शुक्ल, अपर पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल महेश अत्री, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे अमरेंद्र कुमार वर्मा, नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंहके अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।