कोन ब्लाक के विद्युत उपकेंद्र चेतगंज में खराबी आने के कारण पिछले एक सप्ताह से करीब चार दर्जन गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित है। प्रचंड गर्मी के दौरान दूसरे पावर हाउस से 24 घंटे में मात्र दो से तीन घंटे ही बिजली आपूर्ति की जा रही है, वह भी आधे-आधे घंटे रूक रूककर, जिससे जनता का हाल बेहाल है।
विद्युत आपूर्ति को दुरूस्त कराने के लिए महकमे के अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई गई, बावजूद इसके ग्रामीणों को सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है।
ब्लाक कोन के करीब चार दर्जन से अधिक गांवों में विगत एक हफ्ते से विद्युत आपूर्ति बाधित होेने से लोगों का हाल बेहाल हो गया है। प्रचंड गर्मी में रात के समय बिजली नहीं रहने से जहां लोगों की रातों की नींद हराम हो रही है, वहीं उमस भरी गर्मी में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
विद्युत उपकेंद्र चेतगंज में आई गड़बड़ी के चलते बिजली कब आएगी और कब चली जाएगी, इसका कोई ठिकाना नहीं रहता है। शुक्रवार को बिजली आई, लेकिन दो घंटे के अंदर दो दर्जन से अधिक बार बिजली ट्रिप की, जिससे बिजली पर आधारित कोई भी कार्य नहीं हो पाया।
रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति को कौन कहे क्षेत्र के चार दर्जन गांवों में चंद घंटे भी लगातार बिजली नहीं मिल पा रही है। विकास खंड कोन के विद्युत उपकेंद्र चेतगंज से संबंधित गांवों में अनुरूद्धपुर पूरब पट्टी, पखवईयां, चेतगंज, मंहगीपुर, हुसैनीपुर, गोबरहा, धौरहरा, मझलीपट्टी, कुल्हुआं, सेमरा, झबियां, मझलीपट्टी, जगापट्टी, मनऊआं, हलवापुर सहित करीब चार दर्जन से अधिक गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित है।
ग्रामीण उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को चेताया है कि यदि आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो जनता सड़क पर उतरने को बाध्य होगी।