मिर्जापुर। मेरठ के कैलाश प्रसाद स्टेडियम में हाल में ही संपन्न हुई मुक्केबाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते विंध्याचल के मुक्केबाजों ने एक स्वर्ण और चार रजत पदक समेत कुल नौ पदक हासिल किया। उत्तर प्रदेश मुक्केबाजी संघ व खेल निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में 14 से 17 मार्च तक आयोजित 34वीं सब जूनियर प्रादेशिक बालक मुक्केबाजी प्रतियोगिता में यह उपलब्धि हासिल की।
प्रतियोगिता में 63 केजी भारवर्ग में अजीत पांडेय ने स्वर्ण पदक, 60 केेजी भारवर्ग में शिवांग त्रिपाठी, 50 केजी भारवर्ग में प्रदीप यादव, 42 केजी भारवर्ग में गौरव व 44 केजी भारवर्ग में आर्यन सिंह ने रजत पदक प्राप्त किया। इसी तरह से 52 केजी भारवर्ग में किशन कुमार सिंह, 56 केजी भारवर्ग में अमरजीत, 34 केजी भारवर्ग में सचिन जायसवाल व दीपेश ने 32 केजी भारवर्ग में कांस्य पदक प्राप्त किया। समापन के बाद जनपद लौटने पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी भगवान राय, संघ के सचिव राकेश पांडेय, सह सचिव शशि प्रकाश सिंह व सुमित अग्रवाल ने विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया।