नरायनपुर। वाराणसी-मिर्जापुर मार्ग पर दर्रा गांव के सामने शुक्रवार की रात दस बजे टायर फटने से अनियंत्रित हुआ ट्रक सामने से आ रही डीसीएम से टकरा गया। हादसे में डीसीएम चला कर वाहन मालिक की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को स्थानीय चिकित्सालय पहुंचाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चील्ह थाना क्षेत्र के तिलठी गांव निवासी सनद कुमार दूबे (35) पुत्र उमाशंकर दूबे डीसीएम गाड़ी चलवाते हैं। इन दिनों डीसीएम चालक के अवकाश पर गया है जिसके कारण सनद दूबे खुद डीसीएम चला रहे थे। वह शुक्रवार को वाराणसी से सीमेंट लाद कर घर आ रहे थे। रात करीब पौने दस बजे जैसे ही अदलहाट थाना क्षेत्र के दर्रा गांव के सामने पहुंचे कि डगमगपुर से गिट्टी लादकर देवरिया जा रहे ट्रक का टायर फट गया। इसके चलते बेकाबू हुआ ट्रक सामने से डीसीएम से टकरा गया। हादसे में डीसीएम मालिक सनद दूबे की मौके पर मौत हो गई जबकि ट्रक का चालक अशोक कुमार यादव (50) पुत्र रामेश्वर यादव व उसका खलासी घायल हो गया। ट्रक चालक ने बताया की अगला चक्का फट जाने से ट्रक अनियंत्रित होकर सामने आ रही डीसीएम से टकरा गया। भीषण टक्कर के कारण दोनों वाहनों के टायर फट गए। नरायनपुर चौकी इंचार्ज ने रात भी मृतक सनत के घरवालों को सूचना दे दी। जानकारी होने पर पिता उमाशंकर दूबे जो केबीपीजी कालेज मिर्जापुर में कर्मचारी है। रात भी घटना स्थल पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि उनके बेटे सनत दूबे ने सीमेंट की एजेंसी लिया था। दुकान पर सीमेंट समाप्त हो गया था। जिसको लेने के लिए बनारस गया था। सनत तिलठी गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य है। उसको दो पुत्र व दो पुत्रिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । साथ ही दोनो वाहनों को कब्जे में ले लिया ।