प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)के दूसरे दिन रविवार को भी दोनों पालियों में 3931 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सुबह और दोपहर दो पालियों में हुई परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
जिले में दूसरे दिन रविवार को भी दो पालियों में 15 केंद्रों में पीईटी का आयोजन किया गया। इसके लिए पंजीकृत 13344 अभ्यर्थियों में से 9413 परीक्षा में शामिल हुए और 3931 अनुपस्थित रहे। दूसरे दिन दो पालियों में हुई परीक्षा का हाल भी पहले दिन के जैसे ही रहा। रविवार को प्रथम पाली में 4697 और दूसरी पाली में 4716 परीक्षार्थी शामिल हुए। प्रथम पाली में 1975 और दूसरी पाली में 1956 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तथा दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक हुई। केंद्रों पर गेट पर मौजूद महिला व पुरुष पुलिसकर्मी अभ्यर्थियों को जांच के बाद ही अंदर जाने दे रहे थे। परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हुई। सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों के अलावा प्रशासन व पुलिस के अधिकारी केंद्रों पर पैनी नजर रखे रहे।
उधर, अधिकांश अभ्यर्थी दूसरे जिलों के थे और ट्रेनों व रोडवेज की बसों से यात्रा कर केंद्रों में परीक्षा देने पहुंचे। सुबह से ही रेलवे स्टेशन और रोडवेज परिसर में अभ्यर्थियों व उनके अभिभावकों की भीड़ लगी रही। परीक्षा संपन्न होने के बाद अभ्यर्थी व उनके अभिभावक ट्रेन व बस पकड़ने के लिए परेशान रहे। रेलवे स्टेशन व रोडवेज बस स्टैंड परिसर में लोगों की भीड़ लगी रही। परीक्षार्थियों के सुविधा के लिए रेल प्रशासन की तरफ से विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। इनमें प्रयागराज-टुंडला, कानपुर-टुंडला, कानपुर-मिर्जापुर, टुंडला-प्रयागराज, टुंडला-कानपुर, वीरांगना लक्ष्मी झांसी-प्रयागराज ट्रेन शामिल है।