मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के पहाड़ी गांव निवासी नन्हें की मौत की गुत्थी उलझ गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके मौत का कारण साफ नहीं होने पर पुलिस भी हैरान हो गई है। इसलिए उसके बिसरा को सुरक्षित रखते हुए लखनऊ लैब में जांच के लिए भेजवाने का निर्णय लिया है। पुलिस का कहना है कि अब लखनऊ लैब ही नन्हें की मौत का राज खोलगा।
बता दें कि पहाड़ी गांव निवासी नन्हेंलाल का शव सोमवार की भोर चार बजे उसके ही मकान के दरवाजे पर मिलने से सनसनी फैल गई थी। परिवार के लोगों ने नन्हें ही हत्या कर शव को दरवाजे पर फेंकने का आरोप लगाते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ देहात कोतवाली में तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कहा था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चलेगा। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, लेकिन मंगलवार की सुबह जब पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिला तो उसमें भी नन्हें की मौत का कारण पता नहीं चल सका। इससे पुलिस के सामने समस्या खड़ी हो गई। पुलिस अब उसकी मौत का राज पता करने के लिए उसके बिसरे को सुरक्षित रखते हुए लखनऊ भेजने का निर्णय लिया है। पुलिस का कहना है कि अब उसके बिसरे की जांच के बाद भी पता चल पाएगा कि उसकी मौत कैसे हुई।