मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन रविवार को 2644 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिले के 14 केंद्रों में दो पालियों में हुई परीक्षा में 8300 अभ्यर्थी शामिल हुए। कुछ अभ्यर्थियों का कहना था कि इस बार प्रश्न सरल थे। उनका पेपर ठीक हुआ है।
पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन रविवार को पहली और द्वितीय पाली में कुल 10944 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। इस तरह से हर पाली में 5472 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। पहली पाली में 4130 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 1342 अनुुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 4170 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 1302 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही अभ्यर्थी पहुंचने लगे थे। सामान रखने के बाद सघन जांच के बाद अभ्यर्थियों को अंदर जाने दिया जा रहा था। परीक्षा छूटने पर केंद्रों के बाहर जाम लग गया। हालांकि रविवार का अवकाश होने के कारण जाम ज्यादा देर तक नहीं रहा। उधर, पहली पाली में परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थी खुश नजर आए। एक अभ्यर्थी का कहना था कि जिन लोगों ने सिर्फ किताबें पढ़कर तैयारी की थी, उनको समस्या हुई होगी और जिन लोगों ने समाचार पत्र आदि पढ़कर तैयारी की होगी, उनके लिए प्रश्न पत्र ठीक था। करेंट अफेयर्स के सवाल ज्यादा थे।
उधर, रविवार को पुलिस भर्ती की पहली पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद रोडवेज परिसर में अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। अभ्यर्थी बस पकड़ने के लिए जद्दोजहद करते नजर आए। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि कई अभ्यर्थी बस के गेट पर लटक कर जाते हुए दिखाई दिए। बस में चढ़ने के लिए अभ्यर्थी धक्का-मुक्की करते दिखाई दिए। रोडवेज परिसर से पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों से भरी 10 से 12 बसें दोपहर में ही रवाना हुईं। इसके बावजूद परिसर में अभ्यर्थियों की भीड़ लगी रही। कुछ अभ्यर्थी बस के गेट पर लटक कर जाते हुए दिखाई दिए। ज्यादातर अभ्यर्थी वाराणसी-प्रयागराज रूट के थे।