मिर्जापुर। मझवां विधानसभा उपचुनाव में ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों को बृहस्पतिवार को भी प्रशिक्षण देकर चुनाव संबंधी जरूरी जानकारी दी। उधर, प्रशिक्षण में बृहस्पतिवार को भी 23 कर्मचारी नहीं पहुंचे।
प्रशिक्षण में शामिल नहीं होने वाले कर्मचारियों को सीडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को पत्र लिखकर कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा 16 नवंबर को आयोजित प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए निर्देश देने को कहा है। इससे पहले बुधवार को भी प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे 21 कर्मचारियों को नोटिस जारी कर बृहस्पतिवार को प्रशिक्षण में शामिल होने को कहा गया था। इनमें से नौ कर्मचारी प्रशिक्षण में शामिल हुए। अनुपस्थित होने वालों में आठ माइक्रो ऑब्जर्वर भी शामिल हैं। इनको अगले प्रशिक्षण में शामिल होने को कहा गया है। नगर के महुवरिया स्थित राजकीय इंटर काॅलेज परिसर में चल रहे प्रशिक्षण के दौरान मतदान व मतगणना कार्मिकों को ईवीएम, वीवीपैट व अन्य बिंदुओं पर जानकारी दी गई। सीडीओ विशाल कुमार ने बताया कि कर्मियों को चुनाव ड्यूटी जिम्मेदारी से करने को कहा। इसके साथ ही मतगणना के लिए कार्मिकों की ड्यूटी का रेंडमाइजेशन भी किया गया। एसडीएम गुलाब चंद्र, डीडीओ श्रवण कुमार राय आदि ने भी कर्मियों को चुनाव संबंधी जरूरी जानकारी दी।