जमीनी विवाद में कार्रवाई न होने से महिला ने डीएम कार्यालय पर आत्मदाह करने की बात कही तो प्रशासनिक अमले के हाथ पांव फूल गए। डीएम ने मामले की जांच के लिए टीम भेज दी है और कहा जा रहा है कि समस्या का निदान जल्द होगा।
लालगंज थाना क्षेत्र की पचोखर बावन मोड़ की एक महिला ने बुधवार को जमीन विवाद में न्याय न मिलने से आहत होकर जिलाधिकारी कार्यालय के सामने आत्मदाह करने की बात कही। डीएम ने प्रशासन और पुलिसकर्मियों को जांच कर कार्रवाई को कहा। इस दौरान आत्मदाह के प्रयास की भी चर्चा रही।
विज्ञापन
पचोखर बावन मोड की रमला देवी का भूमि संबंधी विवाद था। जिसको लेकर वह जिलाधिकारी कार्यालय आई थी। वहां उसने आत्म दाह की बात कही। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देश पर प्रशासनिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और विवाद का समाधान किया।
एसडीएम आसाराम वर्मा ने बताया कि विवादित भूमि से बैरिकेडिंग हटाकर महिला रमला देवी को उसकी जमीन का कब्जा दिला दिया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए दोनों पक्षों के उपस्थिति में विवाद का निपटारा किया गया है।
विज्ञापन
साथ ही दोनों पक्षों के व्यक्तियों का चालान भी किया गया है जिससे भविष्य में शांति बनी रहे। थाना अध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि प्रकरण का निस्तारण कर दिया गया है और सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
एडिशनल एसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि महिला एक बोतल जरूर साथ लाई थी लेकिन आत्मदाह का कोई प्रयास नहीं हुआ था। महिला के चिल्लाने पर महिला थाना प्रभारी उसको उसके घर ले जाकर छोड़ आई उसके सास के दोनों व्यक्तियों का चालान किया गया।