हलिया। कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत नक्सल थाना क्षेत्र हलिया परिसर में मंगलवार को नज फाउंडेशन बंगलुरु द्वारा आयोजित चयन शिविर में बेरोजगार युवकों का चयन किया गया। फाउंडेशन द्वारा चयनित युवकों को प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है।
जिले के नक्सल प्रभारी इंस्पेक्टर भुवनेश्वर पांडेय ने बताया कि यह अभियान जिले के प्रत्येक नक्सल प्रभावित थाना क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हलिया थाने पर आयोजित शिविर में साक्षात्कार तथा शैक्षणिक परीक्षण के बाद 40 युवकों का चयन किया गया है। चयनित युवकों को आगामी तीन नवंबर को बंगलुरु भेजा जाएगा। वहां उन्हें उनकी रुचि के मुताबिक कार्य का 90 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। फाउंडेशन के निदेशक श्रीराम ने बताया कि चयनित युवकों का स्किल डेवलपमेंट किया जाना है। इस अवसर पर फाउंडेशन के प्रबंधक दीप्ति ,इंजीनियर शुभांग, उपनिरीक्षक रामजी यादव आदि मौजूद रहे।