मिर्जापुर। जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय एवं आवास विकास कालोनी में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके बताये गए रास्तों पर चलने का संकल्प लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी को भारत में कंप्यूटर क्रांति का जनक बताया।
जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जिलाध्यक्ष गिरीश त्रिपाठी की अध्यक्षता में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 73 वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाध्यक्ष ने राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक ललितेशपति त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्र के प्रति राजीव जी की भावनाओं का नमन आज पूरा देश कर रहा है। पंचायत राज व्यवस्था, महिला सशक्तीकरण, पंचायतों में दलितों, पिछड़ों व महिलाओं को अधिकारी, शैक्षिक रोजगार योजना के तहत देश का कंप्यूटरीकरण कर पूरी दुनिया को इंटरनेट से जोड़ने का काम राजीव जी ने किया। सरकारी कार्य से लेकर बैंक तक कंप्यूटर पर आश्रित हो गए। देश का हर नौजवान राजीव जी का शुक्रगुजार है। जिलाध्यक्ष गिरीश त्रिपाठी ने कहा कि राजीव गांधी ने अल्प समय में ही देश को विश्व पटल पर लाख खड़ा किया था। 18 वर्ष के नौजवानों को मत का अधिकार देकर उन्होंने नौजवानों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि उनके सपनों का भारत बनाने के लिए संकल्प लेने की जरूरत है। पूर्व जिलाध्यक्ष माता प्रसाद दुबे ने कहा कि राजनेता के रूप में राजीव जी का व्यक्त्वि विराट था, उनकी सोच दूरदर्शी थी। राजधर दुबे ने कहा कि डिजिटल इंडिया की शुरुआत राजीव ने तीन दशक पूर्व ही कर दी थी। दयाशंकर पांडेय ने कहा कि राजीव जी देश के लिए कुर्बान हो गएक्। उनके परिवार का इतिहास बलिदान का रहा है। कार्यक्रम में रमेश त्रिपाठी, स्वरूप सिंह, छोटेलाल सिंह, कमलेश दुबे, अशोक गुप्ता, नफीरसूल रिजवी, राजन पाठक, छोटे खान आदि उपस्थित रहे। उधर शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा आवास विकास कालोनी में राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। पूर्व विधायक ललितेशपति त्रिपाठी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धाजंलि दी। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अब्दुल वहीद ने कहा कि राजीव जी ने अपने अल्प जीवन में सदैव देश के विकास की चिंता की। इस मौके पर संतोष ऊमर, राजेन्द्र विश्वकर्मा, राजन निषाद, अर्चना चौबे आदि मौजूद रहे।