जमालपुर। जमालपुर ब्लॉक के स्कूलों में पढ़ने वाले हर चार में से एक बच्चा दांत, आंख और त्वचा रोगों से पीड़ित हैं। इसका पता राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य मिशन तहत प्राथमिक विद्यालयों में जांच से हुुआ है। तमाम बच्चों में विटामिन ए की कमी पाई गई है जबकि यह राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बच्चों को दी जानी चाहिए।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य मिशन कार्यक्रम के तहत जमालपुर ब्लॉक के स्कूलों में बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई। तमाम बच्चों में विटामिन-ए की कमी व दांतों में कैविटी पाई गई। डॉ. संजय सिंह ने बताया जाता है कि शासन ने 2012 से आंगनबाड़ी से इंटर कॉलेज तक 19 वर्ष तक छात्रों की जांच का निर्देश दिया था। इसके तहत कुल 30 बीमारियों की जांच की जाती है और बच्चों का इलाज किया जाता है। ब्लॉक में लगभग 34 हजार बच्चे पढ़ते हैं जिसमें से अब तक 8289 बच्चों का परीक्षण हुआ। बच्चों के अधिक चॉकलेट खाने से दांतों की बीमारी हो रही है। वहीं साफ-सफाई का ध्यान नहीं देने से त्वचा की बीमारी तेजी से फैल रही है। अब तक कुल 824 विद्यार्थियों को इलाज के लिए रेफर किया गया। पहले की अपेक्षा अधिक बच्चों मे रोग अधिक मिल रहे हैं। प्राथमिक विद्यालयों में साफ-सफाई का ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अभिभावक अपने बच्चों को हरी सब्जी तथा पौष्टिक व विटामिन युक्त भोजन दें। क्षेत्र के पत्तेदार, हरदी सिकंदरपुर, बहुआर, डोहरी, डढौना, जमुई, जमालपुर, कुंडाडीह, हमीदपुर, विशेषरपुर माफी आदि गांवों के बच्चे अधिक प्रभावित हैं।