जमालपुर। सरकार द्वारा पहले चरण में ब्लाक के चार सौ किसानों का लगभग पांच करोड़ का कर्ज माफ किया था, जिससे क्षेत्र के किसानों में कर्ज माफी की उम्मीद जगी थी। किंतु कर्ज माफी नहीं होने से किसानों में मायूसी छाई है। वर्तमान समय में अभी भी हजारों किसान क्रेडिटधारी लोग ऋण माफी योजना से वंचित है, लोग बैंक का चक्कर लगा रहे हैं। वहीं बैंककर्मियों और किसानों के बीच इसे लेकर आए दिन नोकझोंक आम है।
बता दें कि जमालपुर क्षेत्र में किसानों की ऋण माफी को लेकर वर्तमान सरकार चुनाव से पहले ही वादा की थी, जो सरकार बनते ही पहली कैबिनेट की बैठक में किसानों का ऋण माफी की घोषणा कर दी गई, लेकिन आज तक सरकार सभी किसानों का कर्ज माफ नहीं कर सकी है। अब तक सिर्फ एक ही चरण की धनराशि आई जो लगभग चार सौ किसान में वितरण हो सका। लगभग तीन चौथाई किसान अभी भी कर्ज माफी की आस लगाये बैठे है। इसके लिए किसान आए दिन बैकों में आधार कार्ड, खतौनी लेकर बैंक में दौड़ रहे है। इसको लेकर अब किसानों में सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है। सरकार किसानों के साथ सौतेला व्यवहार अपना रही है। क्षेत्रीय लेखपाल आए दिन कर्ज माफी के नाम पर किसान खतौनी आदि समस्या बताकर आर्थिक शोषण कर रहे है। कुछ किसान तो तहसील दिवस पर भी बैंक के अधिकारी की शिकायत भी कर चुके है।