ग्रामीण डाक सेवकों का अनिश्चित कालीन हड़ताल 15 वें दिन मंगलवार को भी जारी रही। शाखा डाकघरों पर कर्मचारी ताला लटका जगह-जगह प्रदर्शन करते रहे। मुख्य शाखा डाकघर पर हुए प्रदर्शन के दौरान मंडलीय सचिव अवधेश दुबे ने कहा कि सातवें वेतन आयोग से संबंधित कर्नल कमलेश चंद्रा कमेटी रिपोर्ट को लागू की मांग को लेकर डाककर्मी पंद्रह दिन से हड़ताल पर है लेकिन केंद्र सरकार चुप्पी साधे है। जगदीश प्रसाद दुबे ने कहा कि केंद्र सरकार की हठधर्मिता के कारण कर्मचारियों को न्याय नहीं मिल रहा है। ग्रामीण डाक सेवक चुप बैठने वाले नहीं। कहा कि यदि यथा शीघ्र मांगे पूरी न की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस अवसर पर स्वामीनाथ चौबे रघुवीर सिंह, रामखेलावन, ओमप्रकाश पांडेय, दयाशंकर मिश्र आदि मौजूद रहे।