ड्रामंडगंज। मिर्जापुर-रीवा मार्ग के ड्रमंडगंज घाटी में गुरुवार रात्रि नौ बजे दो ट्रक खराब होने के कारण भैसोड़ बलाय से दुर्जनीपुर लगभग 20 किलोमीटर तक भीषण जाम लगा रहा। जाम में फंसे दूल्हा, बराती, दर्शनार्थी पानी के लिए तड़पते रहे। एंबुलेंस में फंसे मरीज भी परेशान रहे। घाटी से बाजार दस किलोमीटर दूर होने के कारण जाम में फंसे लोग खाने पीने को तरसते रहे। गड्ढों में तब्दील ड्रमंडगंज घाटी में 24 घंटे से वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
गुरुवार को गड्ढों में तब्दील घाटी में रात्रि के नौ बजे दो ट्रक अचानक खराब हो गए। सड़क के बीचोंबीच ट्रकों के खराब हो जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग र्गइं। जाम में दर्जनों सवारियों से भरी बसें, मरीज को लेकर आ रही एंबुलेंस, वैवाहिक सीजन के चलते दूल्हा एवं बरातियों की दर्जनों वाहन भी फंस गए। जाम के कारण स्थानीय दुकानदार पानी की बोतल को पचास रुपये में बेचते रहे, तो खाने के लिए पूड़ी पांच रुपये व चाय दस रुपया कप बेचते रहे। खस्ताहाल सड़क व घाटी के आसपास जंगल में यात्री फंस कर खाने पीने के लिए तरसते रहे। जाम में नागपुर से वाराणसी, मिर्जापुर से इंदौर, शहडोल से इलाहाबाद, इलाहाबाद से शहडोल, कंधवार से विंध्याचल एवं वाराणसी से रीवा को जाने वाली सवारी बसें फंसी रहीं। मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन के लिए जा रही निधि झा, अशोक झा, विनोद खन्ना, उषा, पुष्पा एवं नीतू ने बताया कि वह रात्रि के दस बजे से ही जाम मे फंसी हैं। उन्होंने बताया कि घाटी से बाजार की दूरी दस किलोमीटर होने के कारण स्थानीय खाने पीने की सामग्री दाम से कई गुना अधिक वसूल रहे हैं।