मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को जिले में महुवरिया स्थित राजकीय इंटर कालेज के मैदान में रीति रिवाजों सहित 179 वर-वधू का विवाह हुआ। नवविवाहित दंपती को गणमान्य अतिथियों ने आशीर्वाद प्रदान किया।
सामूहिक विवाह में सभी वर्गों के लोगों का प्रतिनिधित्व रहा। इस विवाह के लिए जिले के सभी विकास खंड व नगर पालिका सहित नगर पंचायत को पहले ही लक्ष्य निर्धारित किया गया था। राजकीय इंटर कालेज के मैदान में सामूहिक विवाह के लिए 49 मंडप बनाए गए थे। इसके साथ ही एक मुस्लिम जोड़े का भी काजी ने निकाह पढ़ाया। अधिकांश मंडल में चार की संख्या में जोड़ों का विवाह कराया गया लेकिन कहीं- कहीं तीन जोड़े भी रहे। शहनाई की मंगल ध्वनि के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच इन जोड़ों का फेरा कराया गया। पुरोहित के विवाह संपन्न कराने के बाद अतिथियों ने वर वधू को आशीर्वाद दिया। इस सामूहिक विवाह में एक सामान्य जाति, एक अल्पसंख्यक, अन्य पिछड़ा वर्ग के 63 और अनुसूचित जाति के 114 जोड़े इस विवाह में शामिल हुए। इस प्रकार 179 जोड़ों का विवाह हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार, सीडीओ श्रीलक्ष्मी वीएस,, जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश दुबे आदि अधिकारी उपस्थित रहें।
इन अतिथियों ने दिया आशीर्वाद
नवविवाहित जोड़ों को विधायक (नगर) रत्नाकर मिश्र, विधायक (मड़िहान) रमाशंकर सिंह पटेल, नपाध्यक्ष मनोज जायसवाल, बीजेपी जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, आलोक सिंह, मेघनाथ पटेल, प्रतिनिधि सांसद धनन्जय पाण्डेय एवं ब्लाक प्रमुख पहाड़ी ने वर-वधू को आर्शीवाद प्रदान कर उनके सुखमय जीवन की मंगल कामना की।
यह उपहार मिले
वर वधू को उपहार में यह सामग्री दी गई। चांदी की पायल एवं बिछिया, दो साड़ी, पिछौड़ी, पेटीकोट, प्रेशर कूकर, स्टील की पांच थाली, पांच कटोरी, पांच चम्मच, पांच गिलास, एक परात, एक जग, एक भगौना एवं एक बक्सा का वितरण प्रत्येक जोड़ों को कराया गया। इसके साथ ही वर वधू के साथ अन्य लोगों के लिए भोजन के पैकेट की व्यवस्था की गई थी। पूरे परिसर में मेला जैसा माहौल रहा।