मिर्जापुर। भाजपा सरकार युवाओं के साथ छल कर रही है। प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं से झूठे वादे किए हैं। आज युवा रोजगार की तलाश में भटक रहा है। सरकार की वादाखिलाफी से युवाओं में रोष है। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को इसका परिणाम भुगताना होगा। ये बातें यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशवचंद्र यादव ने शुक्रवार को चितावनपुर स्थित यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव इमरान खान के आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
एक सवाल के जवाब में केशवचंद्र ने कहा कि सदस्यता अभियान चलाकर युवाओं को यूथ कांग्रेस से जोड़ा जाएगा। कहा कि बनारस में पंचकोशी यात्रा शुक्रवार से शुरू हो रही है जिसमें शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाया जाएगा। इसके लिए देश के कोने कोने से युवा और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता वाराणसी पहुंच रहे हैं। कहा कि राहुल गांधी ने देवरिया के छोटे से गांव के एक साधारण और गरीब किसान को यूथ कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर युवाओं को संदेश दिया है। मेरे मनोनयन से पता चला है कि आज काम की बदौलत एक अदना सा कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। पूर्व विधायक मड़िहान ललितेशपति त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के चलते आज देश व प्रदेश में पेट्रो मूल्य का दाम अनियंत्रित हो गया है, इससे आम जन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। साथ ही पेट्रो पदार्थों की मूल्य में बढ़ोतरी के चलते महंगाई चरम पर है। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव बाबा तिवारी ने कहा कि युवा ही देश के भविष्य है। सदस्यता ग्रहण करके यूथ कांग्रेस को मजबूत बनाए। इस दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी, राष्ट्रीय सचिव अंकुर वर्मा, एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश मिश्र आदि ने यूथ कांग्रेस की मजबूती पर बल दिया। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष सुरेश कोल, भारतेंदु यादव, अरबाज खान, अंकित उपाध्याय, नीरज मौर्य, मुसाहिद खान, परवेज खा, नागेंद्र पाठक, अभिषेक मिश्रा, लकी दूबे, राज कुमार सेठ, मनोज कुमार, रिंकू खान आदि मौजूद रहे। प्रदेश महासचिव इमरान खान ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया।