मिर्जापुर। किसान हमारे अन्नदाता हैं, इन्हें किसी प्रकार की कमी और परेशानियां नहीं होनी चाहिए। यह बातें मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल आनंद कुमार ने अपने कार्यालय सभागार में मंगलवार को खरीफ तैयारियों को लेकर मौजूद मंडलीय अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा।
समीक्षा बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने जिलावार खरीफ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने धान की नर्सरियों को लेकर मंडल के समस्त राजकीय बीज भंडारों पर पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्धता पर जोर दिया। नर्सरी डालने में पानी के लिए किसानों को समस्याओं का सामना न करना पड़े इसके लिए विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंताओं से ग्राम्यांचलों में बनाए गए रोस्टर के मुताबिक बिजली उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने सीजन से पहले ही नहरों, पंप कैनालों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने की हिदायत दी। मंडलायुक्त ने उर्वरक और कृषि रक्षा रसायन की उपलब्धता पर जोर दिया। उन्होंने सभी जनपदों में पहले से ही तैयारियां किए जाने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के दौरान उप निदेशक कृषि अशोक उपाध्याय, जिला कृषि अधिकारी पीके प्रजापति के अलावा मंडल के तीनों जनपदों से आए कृषि, विद्युत, सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।