विंध्याचल थाना क्षेत्र के नौगांव में शार्ट सर्किट से लगी आग में मंगलवार की दोपहर यादव बस्ती के 15 से अधिक मकान जल गए। जबकि दो महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। कई मवेशी भी झुलस गए। दमकल कर्मियाें ने ग्रामीणाें की मदद से आग पर काबू पाया। आग से करीब तीस लाख रुपये की क्षति होने की आशंका जताई जा रही है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपाल ने गांव पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया।
नौगांव निवासी जगदेव यादव पुत्र बिगपाल के मकान में मंगलवार की दोपहर तीन बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। जब तक परिवार के लोग आग को बुझाते तब तक आग पड़ोस के विजय शंकर यादव के घर को चपेट में ले ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बस्ती के भगवानदास, राजेश कुमार, रमेश चंद्र, राजेंद्र प्रसाद, महानंद, सदानंद, रविशंकर, शिवशंकर, हरिशंकर, श्रीकांत, रमाकांत तथा बालचंद्र के मकान भी जद में आकर धू धू कर जलने लगे। इसके अलावा आसपास मौजूद मड़हा आदि भी जलने लगा। बस्ती में आग की खबर लगते ही अफरातफरी मच गई। लोग अपने घराें से निकलकर भागने लगेे। इसी बीच कुछ लोगाें ने तत्काल ट्रासंफार्मर के पास पहुंचकर यादव बस्ती में गए तार को किसी तरह से तोड़ दिया। इसके बाद हैंडपंप, पंपिग सेट चलाकर आग को बुझाने का प्रयास करने लगे। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियाें ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के दौरान गीता देवी (35) पत्नी विजय शंकर, उसकी पुत्री पूजा (13), ज्ञान देवी (40) पत्नी महानंद घर से जेवरात एवं कपड़े का बक्सा निकालने लगी। इसी दौरान झुलस गई।