मिर्जापुर। कानपुर कालिंदी एक्स्प्रेस में बैटरी ब्लास्ट होने पर बम फटने की खबर फैलते ही मिर्जापुर जीआरपी एवं आरपीएफ ने बुधवार की देर रात मिर्जापुर एवं विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान प्लेटफार्म नंबर दो पर एक लावारिस बैग मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने बम निरोधक दस्ता समेत अन्य टीम बुलाकर बैग की चेकिंग कराई। बैग में कोई संदिग्ध सामान नहीं मिलने पर पुलिस ने राहत की सास ली। बैग को जब्त कर लिया गया है। इसके साथ ही पूरे प्लेटफार्म को खंगाला गया।
देर रात सूचना मिली कि कानुपर में एक ट्रेन में बम ब्लास्ट हो गया है। घटना की खबर लगते ही उच्चाधिकारियों ने इलाहाबाद मंडल के सभी स्टेशनों को सतर्कता बरतते हुए चेकिंग करने का निर्देश दिया। उच्चाकारियों के निर्देश पर जीआरपी थाना प्रभारी केदारनाथ मौर्या और आरपीएफ कंपनी कंमाडर सत्येंद्र यादव फोर्स के साथ चेकिंग करने निकले। आने जाने वाली ट्रेनों की बोगियों को खंगालते हुए पुलिस ने तीनों प्टेलफार्मा को चेक किया। प्लेटफार्म नंबर दो के एक ब्रेंच पर काले रंग का एक बैग लावारिस हालत में मिलने से हउ़कंप मच गया। पुलिस ने सतर्कता बरते हुए बम निरोधक दस्ता को बुलाया। प्लेटफार्म खाली करने के बाद बैग को खुलवाया। उसमें कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर राहत की सास ली। इस दौरान प्रतिक्षालय, पार्सल, आरक्षण काउंटर, जनरल काउंटर, रेलवे स्टेशन परिसर, आदि को भी चेक किया गया।