चुनार (मिर्जापुर)। मुंबई से प्रसारित होने वाली भोजपुरी बिग गंगा चैनल पर सारेगामापा लिटिल चैंप सिंगिंग कंपटीशन में अपने सुरों का जादू बिखेरते हुए नगर के बहरामगंज निवासी सूरज कुमार (15) ने कंपटीशन में दूसरा स्थान हासिल कर नगर के साथ ही जनपद का सम्मान बढ़ाया है। कंपटीशन में प्रतिभाग कर नगर वापस लौटने पर क्षेत्र के युवाओं द्वारा लिटिल चैंप का स्वागत किया गया।
नगर में गुरुवार को उदियमान कलाकार का रोड़ शो निकला गया। जिसमें भारी संख्या में युवा वर्ग मौजूद रहा। रोड़ शो गुरु घराना कमल श्रीवास्तव के निवास बहरामगंज से निकला, जो रेलवे स्टेशन, दरगाह शरीफ, सराय टेकौर, किला तिराहा, भरपुर, कोतवाली मार्ग, सराफा बाजार, चौक बाजार, गोलाबाजार, सद्दूपुर मोहाना, कचहरी से होते हुए लोवर लाइन स्थित नगर पालिका के गांधी मैदान में पहुंचकर समाप्त हुआ। रोड़ शो में युवाओं का भारी हुजूम ढोल-तासा पर थिरकते हुए अपने खुशी का इजहार करते नजर आए। सूरज कुमार ने अपनी इस सफलता का श्रेय गुरु घराना के कमल श्रीवास्तव को दिया। नगर में निकले रोड़ शो के दौरान जगह जगह सामाजिक, सांस्कृतिक साहित्यिक, संस्थाओं के साथ ही विभिन्न राजनैतिक दलों से जुड़े लोगों ने उदियमान कलाकार का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उदयीमान कलाकार का पालिकाध्यक्ष मंसूर अहमद, पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा, वरिष्ठ साहित्यकार कमलेश्वर कमल, राजेंद्र मिश्र, चंद्रहास गुप्ता, अखिलेश मिश्रा आदि ने स्वागत किया। रोड़ शो में कलाकार सूरज के पिता लालमन, भाई महेंद्र कुमार, राजन व गुरु घराना के कमल, चमन, सपन श्रीवास्तव, राजू गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, सूर्य कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।