मिर्जापुर। शासन की रोक के बावजूद जिले में अवैध खनन का खेल रूक नहीं रहा है। खनन माफिया दिन की बजाय अब रात में अवैध खनन कराने का कार्य कर रहे हैं। परिवहन भी रात के अंधेरे में किया जा रहा है। मामले की जानकारी होने के बावजूद जिला प्रशासन उनके विरुद्घ नाम मात्र की कार्रवाई कर शांत बैठ जा रहा है। जिसका फायदा उठाते हुए खनन माफिया धड़ल्ले से पहाड़ों को उजाड़ने में लगे हुए है।
प्रदेश सरकार द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन पर सख्ती से रोक लगाने का निर्देश दिया है। यहीं नहीं यह भी निर्देशित किया है जो लोग अवैध खनन करा रहे है उनके विरुद्घ कड़ी कार्रवाई की जाए। शासन के निर्देश के बावजूद खनन माफियाओं पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। अब वह दिन की बजाय रातों को खनन कराकर परिवहन भी करा रहे हैं। जिनपर लगाम नहीं लग पा रहा है। अपनी सुदंरता के लिए मशहूर पहाड़ी ब्लाक को खनन माफियाओं ने वर्तमान समय में खंडर बना दिया है। जड़ी बूटियों से भरपूर पहाड़ी क्षेत्रों को बारूद से उड़ाकर तहस नहस कर दिया जा रहा है। ग्रामीणों की बात माने पहाड़ी ब्लाक के डगमगपुर, गोपालपुुर, भोजपुर पहाड़ी, गहिरा, दाती, दाढ़ीराम, भरपुरा, सुखनई, बनतरवां, सिद्घी, थानापुर, चांदलेवा, मड़फा, सागर सेमर, पहिती इलाके में धड़ल्ले से अवैध खनन का खेल चल रहा है। वैध लीज की आड़ में दिन में कई स्थानों पर अवैध तरीके से खनन करके बोल्डर व पटिया को खदान में पहुंचकर परिवहन कराया जा रहा है। ताकि उसे वैध खनन की संपत्ति मानी जाए। बता दें कि अवैध खनन और क्रेशरों से उड़ रहे धूल से तंग आए ग्रामीणों ने गत दिनों डगमगपुर-बरगवां मार्ग को जाम कर दिया था। मामले की जानकारी होने पर पहुंचे एसडीएम सदर अरविंद चौहान ने सभी क्रेशर मालिकों को मानक पूरा करके ही कार्य करने का निर्देश दिया था। लीजों का सीमांकन न होने पर कड़ी नाराजगी जताई थी। उन्होंने सर्वेयर रामसुरेश को राजस्व कर्मियों को साथ लेकर खदानों की चौहद्दी निर्धारित करने के लिए उसका सीमांकन कराने का निर्देश दिया था। लाजों का सीमांकन न होने से लीजधारक भी अगल-बगल स्थानों पर खनन करा रहे हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन पर रोक लगाते हुए पटिया, बोल्डर एवं बालू के भाव आसमान छूने लगे। खनन माफिया ग्राम समाज, वन क्षेत्र तथा निजी काश्त में खनन कर पटिया व बोल्डर निकालकर मनमानी कमाई कर रहे हैं। इतना ही नहीं पत्थर माफिया अपना साठगाठ इस तरह से बैठे लिए हैं कि बिना परिमिट के ही परिवहन हो रहा है।
अवैध खनन के लिए टीमे बनाई गई है जो समय समय पर क्षेत्र में भ्रमण कर अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई करती रहती है। वर्तमान समय में कही पर अवैध खनन नहीं हो रहा है।-आरबी सिंह, खनिज अधिकारी