मिर्जापुर। जिले के पिकनिक स्थलों पर प्रतिबंध के बावजूद फ्रेंडशिप डे पर रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण बड़ी संख्या में लोग दोस्तों और परिवार के साथ जल प्रपात तथा पर्यटन स्थलों पर पिकनिक मनाने पहुंचे। कुछ स्थानों पर पाबंदी होने पर सैलानियों को निराशा हुई वहीं नगर के विंढम फाल, खरंजा व बकरिया फाल में लोगों ने पिकनिक मनाया। लोगों ने जल प्रपात में स्नान भी किया।
बता दें कि जिला प्रशासन ने जनपद के पर्यटन स्थलों पर स्नान करने के दौरान हो रही घटनाओं को देखते हुए सैलानियों के नहाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। फिर भी रविवार को फ्रेंडशिप डे होने पर बड़ी संख्या में युवक व युवतियां पर्यटन स्थलों पर पहुंचकर पिकनिक का आनंद उठाया। वहीं छुट्टी का दिन होने के कारण बड़ी संख्या में सैलानी अपने अपने परिवार के साथ पहुंचे हुए थे। इस दौरान लोगों ने देहात कोतवाली क्षेत्र के विंढम फाल, खड़ंजा, सिरसी बंधा, बकरिया फाल तथा लालगंज के कुशियरा फाल सहित कई अन्य स्थानों के जल प्रपातों पर पहुंचकर स्नान कर पिकनिक मनाया।