विंध्याचल। सावन में मां विंध्यवासिनी के दर्शन पूजन के बाद ही कांवरिये अपनी कांवर यात्रा शुरू करते हैं जिसके चलते पूरे सावन माह में यहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में विंध्याचल में नवरात्र जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। वहीं भक्तों की सहूलियत के लिए कोई इंतजाम नहीं किए जाने को लेकर पंडा समाज के लोग नाराज हैं।
अधिकांश भक्त जहां बाबा धाम जाने से पहले ही माता के दरबार में मत्था टेक रहे हैं। वहीं अन्य कांवरिए लौटकर विंध्याचल पहुंच रहे हैं। धाम की ओर जाने वाले प्रत्येक गलियों में कांवरियों का जत्था देखा जा रहा है। घाट से लेकर माता दरबार की ओर इनक हुजूम को किसी भी समय देखा जा सकता है। प्रशासन के लिए मंगलवार का दिन किसी चुनौती से कम नहीं रहेगा। जहां कांवरियों की आवाजाही बनी हुई है वहीं मंगलवारी करने वाले भक्तों भीड़ बनी रहेगी। मंदिर परिसर व गलियों में समुचित सुरक्षा के प्रबंध न किए जाने से श्रद्धालुओं को बदइंतजामी का सामना करना पड़ सकता है। सावन मास में शिवपुर स्थित रामेश्वरम में भीड़ जुट रही है।
श्री विंध्य पंडा समाज अध्यक्ष पं. राजन पाठक ने प्रशासन की ओर से कोई इंतजाम नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। कहा, प्रशासन को धाम की सुधि केवल नवरात्र में ही आती है। धाम में व्याप्त अव्यवस्थाओं के बारे में जिला प्रशासन को अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि उमड़ रही भीड़ के बीच साफ-सफाई व्यवस्था संतोष जनक नहीं है। सुरक्षा व्यवस्था भी नहीं है।