परमहंस आश्रम जाते डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या
मिर्जापुर। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सड़कों की गुणवत्ता को लेकर काफी गंभीर नजर आए। सक्तेशगढ़ आश्रम में ही पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने कहा कि अधिकारी सड़क निर्माण में गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता न करें। अन्यथा शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह भी कहा कि अगर सड़क का निर्माण मानक के अनुकूल नहीं है तो संबधित ठेकेदार का भुगतान रोक दें।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जो सड़कें बनाई गई हैं। अगर वे उखड़ रही हैं तो यह अच्छी बात नहीं है। उसकी तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही जांच कराकर देखा जाए कि ऐसा क्यों हो रहा है। अगर सड़क मानक के अनुरूप नहीं बनी है तो संबंधित अधिकारी एवं ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करें। कहा कि विकास में जर्जर सड़क बाधा न बने। इसके लिए सरकार सड़कों के निर्माण पर बड़े पैमाने पर धन खर्च कर रही है। इसलिए जो भी सड़क बनाई जाए वह मानक के अनुरूप हो। इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए। अगर ठेकेदार लापरवाही बरतता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसका भुगतान रोक दिया जाए। अधिकारियों ने बताया कि बरसात के दिनों में सड़क बनाना मुश्किल है। क्योंकि इस मौसम में सड़क का निर्माण करने से बरसात के चलते उखड़ जाएगी। हालांकि कच्चे कार्य इस मौसम में कराए जा सकते हैं जो कई स्थानों पर चल रहा है।