कासिमाबाद। बरेसर थाना क्षेत्र के अलावलपुर चट्टी पर रविवार की सुबह ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से साइकिल सवार बालक की मौत हो गई। घटना से गुस्साएं ग्रामीणों ने युसूफपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के गंधपा के राजेश प्रजापति का पुत्र अजीत प्रजापति (13) साइकिल से अपने ननिहाल मनोरथपुर गांव जा रहा था। अलावलपुर चट्टी पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उसे धक्का लग गया। इससे वह सड़क पर गिर पड़ा। ट्रैक्टर-ट्राली उसके ऊपर से गुजर गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलावस्था में आस-पास के लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग के लिए युसूफपुर मार्ग जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही तहसीलदार प्रमोद कुमार द्वारा आर्थिक सहायता के आश्वासन पर जाम समाप्त हो गया। जाम के दौरान दोनों मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस संबंध में थाना प्रभारी श्याम जी यादव ने बताया परिजनों द्वारा तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।