मिर्जापुर। शुक्रवार की सुबह से ही थम थमकर हो रही बारिश होने से जहां उमस से लोगों को राहत मिली, वहीं जगह जगह जलभराव होने से आवाजाही बाधित रहा। झमाझम बारिश होने के बाद मौसम ख़ुशनुमा हो गया और सड़कों व गलियों में जलभराव एवं कीचड़ होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। भगवान भास्कर के दर्शन नहीं होने से वातावरण में नमी बरकरार रही, जिससे लोगों को राहत मिली। भगवान इंद्रदेव की कृपा बरसने से जनपद के किसानों ने भी खेती-किसानी तेज कर दी है।
सुबह से ही थम-थमकर हो रही बारिश से जहां मौसम सुहाना हो गया, वहीं लोगों को उसम भरी गर्मी से से भी रहत मिली। आसमान में काले-काले बादलों उमड़ने-घुमड़ने से लगने लगा था कि बारिश होगी। देखते ही देखते झमाझम बारिश होनी शुरु हो गई। बारिश होने के बाद नगर सहित जनपद के ग्राम्यांचलों में जगह-जगह जलभराव हो गया, जिससे सड़कों पर आवागमन बाधित रहा। कई इलाकों में ध्वस्त पड़ी नालियों के कारण जल निकासी की समस्या खड़ी हो गई, जिससे लोग परेशान दिखे। बारिश के दौरान आवश्यक कार्यवश बाहर निकलने वाले लोग छाता लेकर ही बाहर निकले। नगर क्षेत्र के संगमोहाल, इमामबाड़ा, स्टेशन रोड, आवास विकास कालोनी, पांडेयपुर, घुरहूपट्टी, तरकापुर, सबरी चौक, गुड़हट्टी बाजार सहित कई अन्य सड़कों पर बारिश का पानी एकत्रित हो गया, जिससे लोगों को आवाजाही में अस़ुविधा का सामना करना पड़ा। बारिश बाद सड़क किनारे ध्वस्त व जाम नालियों के ओवरफ्लो करने से पानी सड़क पर आ गया, जिससे आवागमन घंटों ठप रहा। बारिश के बाद सड़कों व गलियों में फिसल बढ़ गई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। बरसात थमने के उपरांत जल्दी निकलने के चक्कर में प्रमुख सड़कों व चौराहों पर भीषण जाम की स्थिति बनी रही, जिससे लोगों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ा।