मड़िहान में पशु चोरी में गिरफ्तार आरोपी। स्रोत- संवाद
भावां। मड़िहान थाना क्षेत्र के सुखनई गांव में बुधवार की रात में भेड़ चोरी करने के मामले में गिरफ्तार 11 आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिया। बृहस्पतिवार को किसी तरह पुलिस ने आरोपियों को ग्रामीणों से मुक्त कराया था। वहीं, घायल कांस्टेबल जितेंद्र यादव को सीएचसी से अब मंडलीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
बुधवार की देर रात गांव निवासी प्रेम के बाड़े की दीवार तोड़कर छह भेड़ों को पिकअप से लादकर 11 आरोपी भाग रहे थे। ग्रामीणों ने पीछा करके कोटवा मझवानी गांव से पकड़कर गांव लेकर आए थे। इसके बाद ग्रामीणों ने उनकी पिटाई की और बंधक बना लिया। आरोपियों को ग्रामीणों से छुड़ाने पहुंचे कांस्टेबल जितेंद्र यादव को भी ग्रामीणों ने चोर समझकर पीट दिया था। भीड़ ने पुलिस वैन पर पथराव भी किया था। सीओ मड़िहान शिखा भारती के साथ मड़िहान, राजगढ़, लालगंज, विंध्याचल, देहात कोतवाली, पड़री, चुनार पुलिस पहुंची पर ग्रामीण नहीं माने। एएसपी आपरेशन मनीष मिश्रा ने ग्रामीणों को समझाकर चोरों को ग्रामीणों के बंधक से मुक्त कराते हुए सीएचसी मड़िहान भिजवाया। इलाज के बाद 11 आरोपियों ने मड़िहान थाने ले जाकर पुलिस ने चालान कर जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को सभी आरोपियों के खिलाफ पशु चोरी की प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी समोगरा निवासी लालमणि, रमेश वनवासी, राजेश वनवासी, नगीना, बबलू बनवासी, शंकर लाल, पड़री के टेंगराही निवासी रामबाबू विश्वकर्मा, विंध्याचल के गोड़सर निवासी धनंजय विश्वकर्मा, बबलू बनवासी, देहात कोतवाली के देवखरा निवासी कुन्नी, राजातालाब निवासी सुनील सोनकर को जेल भेजा गया।