चुनार। उस्मानपुर मोहल्ले में बृहस्पतिवार की दोपहर दरवाजे के पास बैठीं रामरती देवी से पानी मांगने के बहाने बाइक सवार बदमाश सोने की चेन छीनकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी है। पुलिस छिनैती की घटना से इन्कार कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
पीड़िता रामरती देवी ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार की दोपहर में दरवाजे के पास बैठी थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक आए। महिला से पीने के लिए पानी मांगा। महिला पानी लेने के लिए उठकर घर में जाने लगी तभी युवकों ने महिला के गले से सोने की चेन छीनकर उसे धक्का मार दिया। इससे महिला गिर गई। महिला ने शोर मचाया पर तब तक बाइक सवार तीनों युवक भाग गए थे। महिला के बेटे ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा। 24 घंटे बीतने के बाद बृहस्पतिवार की शाम तक पुलिस घटना को अंजाम देने वालों तक नहीं पहुंच सकी। कोतवाल विजय शंकर सिंह ने छीनैती की घटना से इन्कार किया है। मामले की जांच कराई जा रही है।