मड़िहान। अपर आयुक्त सूर्यमणि लालचंद मड़िहान तहसील में गुरुवार की दोपहर तहसील का निरीक्षण किया। बारह बजे पहुंचे अपर आयुक्त ने समस्त कार्यालय से संबंधित अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने लगभग दो घंटे में रिकार्ड रूम, रजिस्ट्रार कार्यालय, नजारत, संग्रह एवं तीनों न्यायालयों की एक एक फाइलों को खंगाला। इस दौरान खामियां मिलने पर संबंधितों को चेतावनी दी।
परवाना गार्ड फाइल, श्रावस्ती मॉडल योजना, शासनादेश गार्ड फाइल, एन्टी भूमाफिया, लेखपाल सेवा पुस्तिका, जीपीएफ पासबुक, रजिस्टर नम्बर 4, 7 व 9, कम्प्यूटर रूम आदि की जांच की। इस दौरान उन्होंने हिदायत दी कि न्यायालयों में लंबित मामले समय सीमा के अंदर निस्तारित किए जाएं। अपर आयुक्त ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं में शामिल संपूर्ण समाधान दिवस के कार्यों में हीलाहवाली अथवा फर्जी रिपोर्टिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि तहसील क्षेत्र के दूर दराज से आए आम जनता ऐसे आयोजनों पर उम्मीद लगाकर आती है। सभी को समय पर न्याय मिल सके इस बात पर विशेष ध्यान दिए जाए। अपर आयुक्त ने कहा कि तहसील क्षेत्र से सीमांकन के लिए किसान वर्षों से तहसील के चक्कर काटने, बगैर सुविधा शुल्क के एक टेबल से दूसरे टेबल पर फाइल पहुंचने में लग रहे महीनों के समय की शिकातयत पर उन्होंने चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त ने तहसील परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिए जाने का निर्देश दिया। इस अवसर पर एसडीएम सविता यादव, तहसीलदार एस के सिंह पटेल, नायब तहसीलदार उमेश चंद, रजिस्ट्रार कानूनगो विजय श्रीवास्तव, राम मूरत आदि के अलावा संबंधित अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।