मिर्जापुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर गुरुवार को जिले के कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता फेसबुक लाइव हुए। मांग की गई कि लाकडाउन के चलते प्रवासी श्रमिकों की हालत बद से बदतर हो रही है। राहत के लिए उनको तत्काल 10 हजार रुपये दिए जाएं। साथ ही छह महीने तक साढ़े सात हजार रुपये प्रतिमाह दिया जाए ताकि वह अपना और अपने परिवार का भरण पोषण कर सकें।
पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी, पार्टी जिलाध्यक्ष शिव कुमार सिंह पटेल व सभी कार्यकर्ताओं ने भी फेसबुक लाइव होकर प्रवासी मजदूरों के लिए उनकी समस्याओं के लिए अपनी बातों को रखा। उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों को तत्काल 10 हजार रुपये उनके खातों में दिए जाएं और छह महीने तक साढ़े सात हजार दिए जाएं ताकि उनको अपने अपने परिवार के भरण पोषण में काम आवे और देश की अर्थव्यवस्था सुचारू रूप से चल सके। यदि साढ़े सात हजार रुपये महीने घर में आएंगे तो वह मार्केट में जाएंगे और फिर मार्केट में लोगों के सामान भी बिकेंगे तो फिर नई डिमांड आएगी। इससे हर सामान के फैक्ट्रियों में डिमांड आएगी। इसी को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने इस सुझाव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया है। इस संबंध में राज्यपाल को संबोधित एक पत्रक गुरुवार को सौंपा गया। पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी, राज धर दुबे, राजन पाठक, छोटे खान, सूर्यभान पटेल, गुलाब चंद्र पांडेय, राजेश मिश्रा आदि थे।