राजगढ़। थाना क्षेत्र के दरवान गांव अंतर्गत पचपेडिया के सीवान में घास चर रही 10 भैसों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इससे क्षेत्र के पशुपालकों में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
रविवार को पशुपालक बद्री, बाबूलाल और लक्ष्मण भैंसों को चराने के लिए पचपेडिया के सीवान में ले गए थे। दोपहर तक सब सामान्य था। लेकिन शाम के समय अचानक एक-एक कर भैंसें जमीन पर गिरने लगीं। 10 भैंसों की मौत हो गई। घटना के बाद बदहवास पशुपालकों ने तुरंत इसकी सूचना राजगढ़ पुलिस को दी। सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना निरीक्षक नरेंद्र कुमार राय पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस की सूचना पर पशु डाक्टरों की एक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने वहां मौजूद अन्य 4-5 बीमार भैंसों का त्वरित उपचार शुरू किया।
जिससे उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। निरीक्षक नरेंद्र कुमार राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। पशुओं के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है या किसी अन्य कारण से। संवाद