एक मामा बिमारी से परेशान अपनी भांजी को एक तांत्रिक के शरण में इस उम्मीद से ले गया कि वह ठीक हो जाएगी। लेकिन लड़की जब तांत्रिक के साथ कमरे में गई तो वह प्रेतबाधा हटाने के बहाने उसकी अस्मत से खेलने लगा।
किशोरी की चीख-पुकार सुनकर आस पास के लोगों ने तांत्रिक की पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया है। मामला वाराणसी जिले के कपसेठी क्षेत्र का है।
ननिहाल में रह रही 15 वर्षीय रेखा (परिवर्तित नाम) की तबीयत खराब चल रही थी। ननिहाल वाले अंधविश्वास के फेर में पड़ गए।
परिजन झाड़-फूंक के लिए बरकी निवासी तांत्रिक राजू मिश्रा के घर पहुंचे। तांत्रिक ने दावा किया कि पूजा करने से शीघ्र ही प्रेतबाधा दूर हो जाएगी। रविवार की दोपहर रेखा का मामा तांत्रिक को लेकर घर पहुंचा।
तांत्रिक ने कहा कि पूजा बंद कमरे में होगी। मामा ने रेखा को तांत्रिक के साथ कमरे में भेज दिया। कुछ देर तक पूजा-पाठ के ढोंग के बाद तांत्रिक उसके साथ दुष्कर्म करने लगा।
रेखा के चीखने की आवाज सुनते ही परिजन चौंके। दरवाजा खुलवाकर रेखा से पूछताछ की। उसकी करतूत बताने पर परिजनों और आस पड़ोस के लोगों ने तांत्रिक की जमकर पिटाई की।
छे़ड़खानी से परेशा छात्रा ने की खुदकुशी
बहराइच शहर के एक मोहल्ले में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा को तीन दिन से पड़ोस में रहने वाला युवक शिवम छेड़ रहा था। ट्यूशन जाते समय उस पर फब्तियां भी कसता था, इससे छात्रा मानसिक तनाव में थी।
छेड़छाड़ से आजिज छात्रा ने रविवार सुबह घर में फांसी लगा ली। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
प्रभारी निरीक्षक रामप्रसिद्ध पांडेय ने बताया कि मृतक छात्रा के भाई की तहरीर पर आरोपी युवक शिवम के खिलाफ छात्रा को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।