जोरावर की उम्र चार साल है और वजन करीब 16 क्विंटल। उसके सीमन से हर महीने लगभग चार लाख रुपये की कमाई होती है। सालभर में यह आंकड़ा 55 से 60 लाख रुपये तक पहुंच जाता है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के सुनरिया गांव निवासी पशुपालक नसीब ने बताया कि जोरावर संकर नस्ल के सीमन से तैयार गाय का बछड़ा है। यह होल्स्टीन फ्रीजियन संकर नस्ल का सांड है।
उन्होंने बताया कि जोरावर की मां भी रिकॉर्डधारी रही है और वह रोजाना 67 लीटर दूध देती है। इस प्रदर्शनी में हुई प्रतियोगिता में जोरावर को सांड श्रेणी में चैंपियन घोषित किया गया।
वहीं, भैंसा बलवान की बात करें तो वह पूर्व चैंपियन युवराज का बेटा है। बीबीनगर निवासी बलवान की कीमत करीब साढ़े सात करोड़ रुपये बताई जा रही है। उसकी उम्र छह साल है और सीमन के जरिए वह भी अपने मालिक को लाखों की आय दिलाता है।
मेले में हरियाणा, पंजाब, मुजफ्फरनगर, गुरुग्राम और अन्य जिलों से भी पशुपालक अपने पशु लेकर पहुंचे। किसान प्रदर्शनी में जोरावर और बलवान को देखने के लिए उत्साहित नजर आए।