शास्त्रीनगर में बाइक में टक्कर लगने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। कार सवार युवकों ने बाइक सवार छात्रा को खींचने का प्रयास कर डाला। शोर मचने पर भीड़ ने आरोपियों को पकड़कर पीट दिया तो पुलिस ने छात्रा के दादा व चाचा को ही हवालात में डाल दिया। इसकी जानकारी पर भाजपाइयों ने थाने में हंगामा काटा। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाकर तहरीर दी है।
नौचंदी थानाक्षेत्र अंतर्गत शास्त्रीनगर निवासी एक व्यक्ति अपनी पोती को बाइक से एक डॉक्टर के पास जा रहा था। आरोप है कि एक कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इसका विरोध करने पर कार से दो युवक उतरे और छात्रा को जबरन खींचने लगे। शोर मचाने पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने घेराबंदी कार सवार दो लोगों को पकड़कर पीट दिया। सूचना पर नौचंदी पुलिस भी पहुंच गई।
पुलिस ने एकतरफा आरोपियों की बात सुनी और छात्रा के दादा और चाचा को हिरासत में लेकर थाने आ गई। बाद में दोनों को हवालात में बंद कर दिया। इसकी जानकारी पर भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष विवेक वाजपेयी कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंच गए। भाजपाइयों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हंगामा किया। तब जाकर छात्रा के परिजनों को छोड़ा गया। नौचंदी पुलिस ने बताया कि मामला कार और बाइक की टक्कर का है। दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। मामले की जांच हो रही है।
आरोपी पक्ष से भी भाजपाई पहुंचे थे
पुलिस के मुताबिक जिन युवकों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया, उनके पक्ष में भी कुछ भाजपा नेता पहुंचे थे। आरोपी पक्ष का कहना है कि मामला बाइक में मामूली टक्कर लगने का है। छात्रा के परिजनों ने पीटा और फिर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।