रुपये के लेनदेन में युवक को गोली मारी
बड़ौत (बागपत)। नगर के गुराना रोड पर बाइक सवार तीन लोगों ने मंगलवार की रात एक युवक को गोली मार दी। गंभीर घायल युवक को सीएचसी से मेरठ रेफर किया गया है। परिजनों ने रुपये के लेनदेन का विवाद बताते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घायल युवक सोनू शर्मा (40) पुत्र कामेश्वर शर्मा गली नंबर 12 गुराना रोड का रहने वाला है। परिजनों के मुताबिक मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे वह घर पर था। इसी दौरान बाइक पर तीन लोग आए। आवाज देकर सोनू को बाहर बुलाया। जैसे ही सोनू बाहर आया, बाइक सवारों ने उसे दो गोली मार दी और फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर परिजन बाहर आए और लहूलुहान हालत में सोनू को उठाकर सीएचसी पहुंचे। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। बताया कि मामला रुपये के लेनदेन का है। एक युवक का नाम प्रकाश में आया है। उसकी तलाश की जा रही है।