लावड़(मेरठ)। डूडा व पीएम आवास योजना का दोहरा लाभ लेने वाले लोग अब नगर पंचायत द्वारा जारी नोटिस को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। 23 में से मात्र दो लोगों ने नोटिस लिए। नगर पंचायत ने 21 लोगों को स्पीड पोस्ट से नोटिस भेजे हैं। अधिकारियों के मुताबिक नोटिस का जवाब नहीं देने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
जानकारी हो कि सन् 2009 में डूडा विभाग द्वारा कस्बे में मकान बनाए गए थे। इस योजना के अंतर्गत पात्र व्यक्ति को 30 हजार रुपये की नगर पंचायत से रसीद कटानी थी, जबकि 2 लाख 20 हजार रुपये डूडा विभाग ने मकान बनाने के लिए थे। वर्तमान में पीएम आवास योजना चल रही है। जिसके तहत लाभार्थी को 2 लाख 50 हजार रुपये तीन किस्तों में दिए जा रहे है। नगर पंचायत ने कुछ दिन पहले 2009 की डूडा और वर्तमान पीएम आवास योजना के लाभार्थियों की सूची का मिलान किया तो 23 लोगों के नाम दोनों सूची में दर्ज मिले। अर्थात इन 23 लोगों ने फर्जीवाड़ा कर दोनों योजनाओं का लाभ ले लिया। नियमानुसार पात्र व्यक्ति एक योजना का ही लाभ ले सकता है। नगर पंचायत ने इन 23 लोगों को नोटिस जारी किए। नोटिस लेकर कर्मचारी इन लोगों के घर पहुंचे तो मात्र दो लोगों ने नोटिस प्राप्त किए, जबकि 21 लोगों ने नोटिस लेने से इंकार कर दिया और कर्मचारियों से मारपीट का प्रयास किया। अब नगर पंचायत ने इन 21 लोगों को स्पीड पोस्ट के जरिये नोटिस भेजे है। अधिकारियों नोटिस का जवाब देने की बात कही है। जवाब न मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराने की भी चेतावनी है।
जवाब न देने पर दर्ज होगी रिपोर्ट
दोहरा लाभ लेने वाले 23 लोगों को नोटिस भेजे गए है। दो लोगों ने नोटिस लिए। एक व्यक्ति ने कार्यालय आकर एक भी किस्त न मिलने की बात कही है। फिलहाल उसे प्रार्थना पत्र व बैंक की स्टेटमेंट दिखाने के लिए कहा गया है। वहीं, नोटिस का जवाब न देने पर इन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। - सुधीर सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत लावड़