हाजीपुर में युवक की गोली मारकर हत्या
बच्चों के विवाद में दो पक्षों में धारदार हथियार और गोली चली
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा (मेरठ)। थाना क्षेत्र के गांव हाजीपुर में बच्चों के विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित पक्ष ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मेरठ निवासी गुलजार बीते 12 साल से परिवार के साथ गांव हाजीपुर में रह रहा है। सोमवार को गुलजार का 12 वर्षीय बेटा अकरम घर से 50 रुपये लेकर दवा लेने मेडिकल स्टोर गया था। गुलजार के अनुसार, रास्ते में गांव निवासी जुबेर पुत्र कल्लू ने अकरम से मारपीट कर रुपये छीन लिए। अकरम ने घर पहुंचकर परिजनों से जुबेर की शिकायत की। इस पर अकरम के परिजन कल्लू घर पहुंचे। आरोप है कि कल्लू पक्ष ने गलती मानने के बजाय गाली गलौज और पथराव कर दिया। इसके बाद अकरम के परिजन तहरीर लेकर बिजली बंबा पुलिस चौकी पर पहुंचे।
पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं करने पर वह घर लौट आए। पीड़ित पक्ष के अनुसार, दोपहर करीब 11 बजे समझौता कराने के नाम पर कल्लू उनके घर पहुंचा। वह गुलजार के बड़े बेटे राशिद (25) को अपने साथ ले गया। आरोप है कि रास्ते में आरोपियों ने राशिद के सीने पर गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में गुलजार ने कल्लू, अफसर, फिरोज व सजिद पुत्र अलाउद्दीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
समय पर होती कार्रवाई तो बच जाती जान
गुलजार के अनुसार, वह तहरीर लेकर सुबह नौ बजे बिजली बंबा पुलिस चौकी गए थे, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। गांव लौटते ही आरोपी पक्ष उसके बेटे राशिद को घर से बुलाकर ले गया और गोली मारकर हत्या कर दी। गुलजार ने कहा कि यदि पुलिस समय से कार्रवाई कर देती तो राशिद की हत्या नहीं होती।
जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी
राशिद के पिता ने सगे चार भाइयों को हत्या में नामजद कराया है। आरोपी फरार चल रहे हैं। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी होगी। -बृजेश कुमार सिंह, सीओ किठौर