-हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोपी को पकड़ा, पुलिस को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सदर बाजार थाना क्षेत्र में सोमवार को 16 वर्षीय किशोरी को आरोपी फरदीन द्वारा ब्लैकमेल कर होटल में बुलाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां ने आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। नरसिंह वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष कार्तिक हिंदू अपने कार्यकर्ता के साथ होटल पहुंचे। आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। आरोप के मोबाइल में किशोरी के अश्लील वीडियो मिले। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो व दुष्कर्म की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मेडिकल थाना क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित एक कॉलोनी निवासी महिला ने सोमवार को सदर थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी बेटी अपनी सहेली के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। दोपहर करीब 3 बजे बेटी ने मां को फोन कर बताया कि आरोपी फरदीन उसे होटल में जबरन लेकर आ गया है। आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
दूसरी ओर, सूचना के आधार पर नरसिंह वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ होटल पर पहुंच गए। उन्होंने आवाज लगाकर आरोपी को कमरे से बाहर बुलाया। कमरे का दरवाजा खुलते ही कार्यकर्ताओं ने उसे बाहर खींच लिया। कार्यकर्ताओं ने होटल में जमकर हंगामा कर दिया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आरोपी व किशोरी को लेकर थाने आ गई।
पुलिस पूछताछ में किशोरी ने बताया कि एक साल पूर्व इंस्टाग्राम पर उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी। आरोपी ने उसके अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए थे। इसी के आधार पर आरोपी उसे एक साल से ब्लैकमेल कर रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के मोबाइल में किशोरी के अलावा अन्य लड़कियों की भी अश्लील वीडियो हैं। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल को कब्जे में लेकर वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
-