उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नागल थानाक्षेत्र में मंगलवार को सिड़की पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव उमाही मोड़ पर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। पुलिस पहुंचने से पूर्व ही दोनों पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। हालांकि मौके से पुलिस ने एक स्विफ्ट कार और बाइक कब्जे में ली है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर बाद करीब तीन बजे छह-सात युवक उमाही मोड़ पर पहुंचे। जब तक आस पास खड़े लोग कुछ समझ पाते ये वहां मौजूद गांव उमाही निवासी एक युवक को पीटने लगे। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग और युवक के समर्थक इकट्ठे हो गए, जिन्होंने हमलावर युवकों को घेर लिया। उनकी कार में भी तोड़फोड़ भी की।
खुद को घिरा देख कर कार सवार युवक कार वहीं छोड़कर हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। इसी बीच किसी ने पुलिस को संघर्ष की सूचना दे दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। थानाध्यक्ष ने घटना स्थल के सामने स्थित आईआईएमटी कॉलेज के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी देखे हैं, ताकि युवकों की पहचान हो सके।
सीओ रजनीश उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हालांकि अभी किसी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं आई है। दो वाहन कब्जे में लिए गए हैं। उनके पंजीकरण नंबर से उनके मालिकों तक पहुंच कर युवकों की शनाख्त का काम किया जाएगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/