नोट- मुजफ्फरनगर के ध्यानार्थ
-
- डूंगर गांव के सामने हुआ हादसा, घायल को सीएचसी से जिला अस्पताल किया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा(मेरठ)। गंग नहर के चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर डूंगर गांव के सामने मंगलवार सुबह ट्रक की टक्कर से बाइक-जुगाड़ सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना में शामिल ट्रक और बाइक-जुगाड़ को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर कस्बा निवासी ताहिर (32) पुत्र शौकीन बाइक के पीछे ट्राली जोड़कर जुगाड़ से कबाड़ का काम करता था। मंगलवार सुबह वह अपने साथी कामिल पुत्र अली मोहम्मद के साथ बाइक-जुगाड़ पर सवार होकर काम के सिलसिले में भोला झाल की ओर जा रहा था। डूंगर गांव के सामने पहुंचने पर सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक से जुड़ी ट्राली में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान ताहिर ट्रक के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी कामिल गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल कामिल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ताहिर के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रोहटा पुलिस ने ट्रक और बाइक-जुगाड़ को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि परिजनों को हादसे की खबर कर दी थी। तहरीर मिलने पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। ट्रक की गति और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
-